कोलकाता TTF 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन का जलवा, ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ अवॉर्ड से सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यटन ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कोलकाता में आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड को “बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 21 राज्यों की भागीदारी वाले इस प्रतिष्ठित पर्यटन मेले में छत्तीसगढ़ के आकर्षक और रचनात्मक पवेलियन ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
10 से 12 जुलाई तक बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण, कोलकाता में आयोजित तीन दिवसीय मेले में छत्तीसगढ़ का पवेलियन पर्यटकों, टूर ऑपरेटरों, पर्यटन विशेषज्ञों और निवेशकों के आकर्षण का केंद्र रहा। यहां बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर वैली राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव, धार्मिक और इको-टूरिज्म स्थलों के साथ राज्य के विविध पर्यटन सर्किट को आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
मेले के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन सचिव एस. भारतीदासन और प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंसियों, होटल समूहों और निवेशकों के साथ कई बी-टू-बी (B2B) बैठकें कीं। इन बैठकों में पर्यटन निवेश, संयुक्त टूर पैकेज, मार्केटिंग साझेदारी, नए पर्यटन बाजारों में विस्तार और राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के करीब 28 पंजीकृत टूर ऑपरेटर, होटल संचालक, होमस्टे संचालक और पर्यटन उद्यमियों ने भाग लिया। इससे राज्य के पर्यटन उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने और नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने का अवसर मिला।
मेले के उद्घाटन सत्र में गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खौंटे, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष और थाईलैंड की कॉन्सुल जनरल सिरिपोर्न तंतिपन्याथेप ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया और राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, धार्मिक विरासत तथा पर्यटन संभावनाओं की सराहना की।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि यह सम्मान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में राज्य की मजबूत होती पर्यटन पहचान का प्रमाण है। वहीं, पर्यटन सचिव एस. भारतीदासन ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार प्रचार-प्रसार से राज्य में पर्यटन, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी। प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने इस उपलब्धि को पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए इसे छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


