राहुल गांधी का आचरण लोकतांत्रिक गरिमा के प्रतिकूल, जनता ऐसे राजनीतिक स्टंट को स्वीकार नहीं करेगी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रतिकूल बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस प्रकार के राजनीतिक स्टंट की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामले को केंद्र सरकार ने पूरी गंभीरता के साथ लिया है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पेपर लीक एक “पाप” है तथा इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने आवश्यक कदम उठाए। परीक्षा दोबारा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई तथा उसका परिणाम भी घोषित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे की आड़ में युवाओं को भ्रमित करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास जैसे प्रतिबंधित क्षेत्र के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया प्रदर्शन लोकतंत्र की गरिमा और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश की जनता ऐसे राजनीतिक स्टंट को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।



