NMDC Bailadila Kabaddi League 2026: दंतेवाड़ा में 23 जुलाई से ‘बैलाडीला कबड्डी लीग’, 26 गांवों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

रायपुर/हैदराबाद। नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम NMDC लिमिटेड ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। कंपनी की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के तहत 23 से 26 जुलाई 2026 तक दंतेवाड़ा जिले में NMDC बैलाडीला कबड्डी लीग का आयोजन किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में बचेली और किरंदुल क्षेत्र के 26 गांवों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। 24 ग्राम पंचायतों का प्रतिनिधित्व करने वाली 24 टीमें इस लीग में हिस्सा लेंगी।
दो स्थानों पर होंगे मुकाबले
कबड्डी लीग के मैच किरंदुल के फुटबॉल स्टेडियम और बचेली के हॉकी ग्राउंड में खेले जाएंगे। वहीं उद्घाटन और समापन समारोह एनएमडीसी टाउनशिप, बचेली स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित होंगे।खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा तथा बारिश से बचाव के लिए आयोजन स्थल पर वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर लगाया गया है। साथ ही खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिंथेटिक रबर मैट भी बिछाई गई हैं।
खिलाड़ियों को मिलेगा पूरा स्पोर्ट्स किट: NMDC सभी प्रतिभागी टीमों को स्पोर्ट्स किट और आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराएगा। प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
इस आयोजन में संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, हैदराबाद स्थित NMDC मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, किरंदुल और बचेली परियोजनाओं के अधिकारी तथा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
NMDC का कहना है कि इस लीग का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का अवसर उपलब्ध कराना है। कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामुदायिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में CSR के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है। अब खेलों के जरिए भी ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।




