रायपुर में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, सीएम साय की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

रायपुर – राजधानी में आज ‘मोर तिरंगा, मोर अभिमान-हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में आयोजित इस यात्रा में प्रदेश के कई मंत्री, विधायक, भाजपा नेता-कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
यात्रा का आगाज रायपुर के इंडोर स्टेडियम से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स, स्काउट एंड गाइड्स सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम से निकलकर गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंची।इस दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी रजवाड़े, विधायक राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी समेत भाजपा के अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में बांधकर रखने वाला राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। देश की आजादी आसानी से नहीं मिली। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस समेत अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के लिए त्याग और बलिदान दिया।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में तिरंगा यात्रा की शुरुआत कर लोगों से अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और बलिदान से प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि अब उन क्षेत्रों में भी पहली बार तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव रहा था। यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है।
रायपुर की सड़कों पर तिरंगे की शान और देशभक्ति के नारों के बीच निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।




