
कबीरधाम। कबीरधाम पुलिस ने नकली नोट तैयार कर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बोड़ला, चौकी पोंडी और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल टाटा पंच ईवी कार बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी जुलाई 2026 से कलर प्रिंटर के जरिए नकली नोट तैयार कर रहे थे। इसके बाद इन्हें असली रकम के तौर पर बाजार में चलाने की कोशिश की जा रही थी।4.50 लाख के नकली नोट मिलने से खुला मामलामामले का खुलासा ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव की शिकायत के बाद हुआ। दिनेश कुमार ने बताया कि उसने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3 लाख 75 हजार रुपये उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर घुरवा राम ने सतीश कुमार के माध्यम से पैसे भेजने की बात कही और 9 अगस्त को दिनेश को ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास बुलाया।

रात करीब 9 बजे दिनेश अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ मौके पर पहुंचा। वहां सतीश कुमार और उसके साथी ने काले रंग के बैग में रकम दी। जांच करने पर नोट संदिग्ध लगे। बैग खोलने पर उसमें 500-500 रुपये के कुल 4 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट मिले।इसके बाद 10 अगस्त को दिनेश कुमार ने चौकी पोंडी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और खपाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
किराए के कमरे में तैयार होते थे नकली नोट
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने जुलाई 2026 से नकली नोट बनाने का काम शुरू किया था। इसके लिए रामप्रसाद उर्फ रमऊ ने नए बस स्टैंड के पास एक कमरा किराए पर लिया था। इसी कमरे में कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार किए जाते थे।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को रामप्रसाद और सतीश कुमार ने कलर प्रिंटर खरीदा था। इसके बाद किराए के कमरे में रामप्रसाद और घुरवा राम नकली नोट तैयार करते थे, जबकि सतीश कुमार और रामप्रसाद तैयार नोटों को आगे खपाने का काम करते थे।
12.50 लाख के नकली नोट जब्त
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों से 8 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा प्रार्थी को डिलीवर किए गए 4.50 लाख रुपये के नकली नोट भी जब्त किए गए।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज:चौकी पोंडी, थाना बोड़ला में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 179 और 318(4) BNS में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान धारा 178, 180 और 181 BNS भी जोड़ी गई हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने नकली नोट बनाने की सामग्री कहां से हासिल की, अब तक कितने नकली नोट तैयार किए गए और इन्हें किन-किन स्थानों पर खपाया गया।




