छत्तीसगढ़

मकर संक्रांति पर जानलेवा चीनी मांझे से दूर रहें, सुरक्षा से न हो कोई समझौता: CM साय

रायपुर। मकर संक्रांति पर्व पर चीनी मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि पतंगों के इस उल्लासपूर्ण और पारंपरिक पर्व को पूरी तरह सुरक्षित, संयमित और हर्षोल्लास के साथ मनाएं तथा चीनी मांझे का प्रयोग बिल्कुल न करें, क्योंकि यह पूर्णतः प्रतिबंधित है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि चीनी मांझा न केवल आम नागरिकों, बल्कि बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों, पक्षियों और पशुओं के लिए भी बेहद घातक साबित हो रहा है। हर वर्ष इस मांझे के कारण गंभीर चोट, दुर्घटनाएं और जानमाल का नुकसान सामने आता है, जो समाज के लिए अत्यंत चिंताजनक है।

सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चीनी मांझे पर लगे प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराया जाए। अवैध बिक्री, भंडारण और उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जन-जागरूकता पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि इस संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि लोग चीनी मांझे के खतरों को समझें और स्वेच्छा से इससे दूरी बनाएं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक सूती मांझे का उपयोग कर ही पतंगबाजी की जानी चाहिए, जिससे पर्व की खुशियां सुरक्षित रहें।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि मकर संक्रांति को सुरक्षा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मनाएं, ताकि यह पर्व खुशियों का प्रतीक बना रहे, किसी हादसे का कारण नहीं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search