
एसआईआर को लेकर भ्रम फैला बखेड़ा खड़ा कर रही कांग्रेस
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी अनुभवी, सक्रिय, मेहनती और संघर्षशील राजनेता हैं। उनके अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन और सरकार, दोनों को मिलेगा।नवा रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए अरुण साव ने कहा कि स्मृति ईरानी को संगठन का लंबा अनुभव है। वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं और केंद्र सरकार में शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी के प्रभारी बनने से प्रदेश में संगठन को और मजबूती मिलेगी। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से पार्टी को लाभ होगा। सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी बनाए जाने का भी उन्होंने स्वागत किया।
‘राहुल गांधी को अमेठी में हराया, इसलिए कांग्रेसियों में खौफ’
स्मृति ईरानी को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर डिप्टी सीएम साव ने कहा कि स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को अमेठी में चुनाव हराया था, इसलिए छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं में खौफ है और वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
SIR को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
SIR यानी Special Intensive Revision को लेकर भी अरुण साव ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि SIR को लेकर किसी प्रकार के भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है। यह निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है और देश में पहले भी इस तरह की प्रक्रिया हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेवजह इस मुद्दे पर बखेड़ा खड़ा कर रही है।




