राजनांदगांव में गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट से औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगी नई गति : सीएम साय

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुख्यमंत्री की आत्मीय भेंट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 समेत प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर आत्मीय भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड के प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 सहित प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा। परियोजना के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही सहायक उद्योगों और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से राजनांदगांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम के नए विकल्प मिल सकेंगे।
निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। प्रदेश में नई संभावनाओं वाले उद्योगों के विस्तार के साथ आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाला निवेश केवल औद्योगिक गतिविधियों तक सीमित न रहे, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि के नए अवसर भी पैदा हों।
इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का उभरता केंद्र बनेगा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को भी प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं और निवेश के लिए नई संभावनाएं बनी हैं। सरकार का लक्ष्य है कि इन संभावनाओं का लाभ प्रदेश के युवाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिले।उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा करने में सहायक होगी।




