“AI से लेकर नई टेक्नोलॉजी तक… नवा रायपुर में खुलेगा NSTI , 200 करोड़ लगाएगी केंद्र सरकार; ओपी चौधरी ने बताया पूरा प्लान”

रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (NSTI) की स्थापना को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि NSTI गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक कौशल प्रशिक्षण के लिए जाना जाता है और नवा रायपुर में इसके आने से प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की स्किल ट्रेनिंग का अवसर मिलेगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि NSTI के लिए राज्य सरकार ने 10 एकड़ जमीन निःशुल्क आवंटित की है, जबकि केंद्र सरकार करीब 200 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। इस परियोजना में राज्य सरकार का भी पूरा सहयोग रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस संस्थान के माध्यम से हर वर्ष 5 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देने की दिशा में काम होगा। प्रशिक्षण को मौजूदा उद्योगों की जरूरतों और भविष्य की तकनीकों से जोड़ा जाएगा।
AI और नई तकनीक पर विशेष जोर
ओपी चौधरी ने कहा कि आज उद्योगों में तेजी से नई तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को केवल पारंपरिक कौशल तक सीमित रखने के बजाय उन्हें नई तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार और करियर के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि NSTI में केवल युवाओं को ही प्रशिक्षण नहीं मिलेगा, बल्कि Training of Trainers पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। ITI के शिक्षकों सहित अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों को भी नई तकनीकों और आधुनिक कौशल के अनुरूप अपग्रेड किया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में NIFT, IIM, NIELIT, IIIT और AIIMS जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों को लाने की दिशा में काम हुआ है। अब NSTI जैसे राष्ट्रीय स्तर के कौशल प्रशिक्षण संस्थान का नवा रायपुर में आना प्रदेश के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि यह संस्थान छत्तीसगढ़ के युवाओं को भविष्य की जरूरतों के मुताबिक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। NSTI के नवा रायपुर आने पर उन्होंने प्रदेशवासियों और खासकर युवाओं को बधाई दी।




