
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच PM आवास के मुद्दे पर आज रायपुर प्रेस क्लब में होने वाली बहस से पहले विजय शर्मा की ओर से PM आवास योजना से जुड़े आंकड़े जारी किए गए हैं। आंकड़ों में पिछले ढाई साल में स्वीकृत और पूर्ण हुए आवासों का विवरण दिया गया है।जारी दस्तावेज के अनुसार, 18 लाख आवासों के लक्ष्य से जुड़े विभिन्न घटकों में कुल 18,12,742 आवास शामिल हैं। इनमें से नई सरकार के गठन के बाद 13,17,352 आवास स्वीकृत किए गए, जबकि 11,51,431 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
PM आवास के अलग-अलग आंकड़े भी जारी
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2016 से 2023 तक शेष बचे अधूरे आवासों की संख्या 2,46,215 थी, जिनमें से 1,95,441 आवास पूर्ण किए गए। वहीं स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल परिवारों के लिए 6,99,438 आवास का विवरण दिया गया है। इनमें 5,86,788 आवास नई सरकार के गठन के बाद स्वीकृत हुए और 4,69,782 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। इसके अलावा आवास प्लस में कुल 8,19,999 परिवार, मुख्यमंत्री आवास योजना में 47,090 आवास का विवरण दस्तावेज में दिया गया है।
PM जनमन योजना के भी आंकड़े
दस्तावेज में बताया गया है कि PM जनमन योजना के तहत 34,461 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 24,025 आवास पूर्ण हो चुके हैं।विशेष परियोजना के तहत 5,662 आवास स्वीकृत किए गए, जबकि 524 आवास पूर्ण हो चुके हैं।इसके साथ ही 11 सितंबर 2026 को भारत सरकार ने नवीन आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के तहत 3.65 लाख आवासों का लक्ष्य प्रदान किया है।
आज प्रेस क्लब में आमने-सामने होंगे दोनों नेता
PM आवास को लेकर विजय शर्मा ने भूपेश बघेल को बहस की चुनौती दी थी। बघेल ने चुनौती स्वीकार करते हुए 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में बहस के लिए तैयार होने की बात कही थी।अब बहस से ठीक पहले विजय शर्मा की ओर से आंकड़े जारी किए जाने के बाद आज प्रेस क्लब में होने वाली राजनीतिक बहस और भी महत्वपूर्ण हो गई है। दोनों नेता PM आवास को लेकर अपने-अपने दावों और आंकड़ों के साथ आमने-सामने होंगे।




