
लाइब्रेरी से पढ़कर घर लौट रही थी 22 वर्षीय छात्रा, आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने वारदात; मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में लव प्रपोजल ठुकराने से नाराज युवक द्वारा एक 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक करवाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने दोस्त के जरिए छात्रा पर एसिड फिंकवाया। घटना के बाद पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता एक हेड कॉन्स्टेबल की बेटी है और छात्रा के रूप में पढ़ाई कर रही है। वह आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई करने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी के पास उस पर एसिड फेंका गया।
दोस्त के जरिए करवाया हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक छात्रा को पहले प्रेम प्रस्ताव दे चुका था। छात्रा द्वारा प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उसने कथित तौर पर हमला करवाने की साजिश रची। इसके बाद उसके दोस्त ने छात्रा पर एसिड फेंका। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब घटना के पीछे की पूरी वजह, आरोपियों की भूमिका और हमले में इस्तेमाल किए गए पदार्थ समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हमले की साजिश कब और कैसे तैयार की गई थी।मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




