कल छत्तीसगढ़ दौरे पर आने वाले थे ज्ञानेश कुमार, दौरे से ठीक एक दिन पहले कार्यक्रम स्थगित

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दौरे की तैयारियां पूरी थीं
रायपुर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित हो गया है। उनका यह दौरा ‘अपरिहार्य कारणों’ से स्थगित हुआ है। उनके दौरे की नई तारीख की जानकारी बाद में दी जाएगी। हालांकि ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा ऐसे समय स्थगित हुआ है, जब देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके इस्तीफे या उन्हें हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। 2 अक्टूबर को दिल्ली में भी उनके खिलाफ प्रदuर्शन हुआ था और 6 अक्टूबर को इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने उनके इस्तीफे तथा SIR को लेकर विरोध मार्च निकाला।
हालांकि, छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित होने और इन प्रदर्शनों के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के पत्र में सिर्फ अपरिहार्य कारणों का उल्लेख किया गया है।
राज्य अतिथि के तौर पर होना था स्वागत
छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्र में बताया गया था कि ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के 7 एवं 8 अक्टूबर कछत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान उन्हें राज्य अतिथि घोषित किया गया था। उनके लिए आवश्यक प्रोटोकॉल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए थे।
दौरे की तैयारियों के तहत रायपुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर और कवर्धा के कलेक्टर तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को भी सूचना भेजी गई थी। एयरपोर्ट, सुरक्षा, प्रोटोकॉल और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए थे।
अब नई तारीख का इंतजार
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के पत्र में स्पष्ट किया गया है कि आयोग ने प्रवास कार्यक्रम की निर्धारित तारीख अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी है। संशोधित तारीख की जानकारी आयोग से प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों को अलग से दी जाएगी।
फिलहाल आधिकारिक स्थिति यही है कि ज्ञानेश कुमार का 7-8 अक्टूबर का छत्तीसगढ़ दौरा टल गया है, लेकिन इसके पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की गई है।





