छत्तीसगढ़
महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त आज होगी जारी, 67.38 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचेगी 632 करोड़ की राशि

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए आज अहम दिन है। योजना की 32वीं किस्त 8 अक्टूबर को जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किस्त की राशि का अंतरण करेंगे।
इस किस्त के तहत ई-केवाईसी पूरा कर चुके 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 632 करोड़ 40 लाख 04 हजार 250 रुपये की राशि भेजी जाएगी।
32वीं किस्त के बाद 20,708 करोड़ से ज्यादा भुगतान
महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 31 किस्तों में 20,075.71 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत अब तक कुल भुगतान 20,708.11 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
योजना 1 मार्च 2024 से लागू है और इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खाते में दी जाती है।




