छत्तीसगढ़ में जारी होगा ₹200 का स्मारक सिक्का, 22 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी विमोचन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए एक खास खबर सामने आई है। राजधानी रायपुर स्थित शदाणी दरबार की पंचम पीठाधीश पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार ₹200 का स्मारक सिक्का जारी करेगी। 22 अक्टूबर को रायपुर स्थित लोकभवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इसका विमोचन करेंगी। इस अवसर पर माता साहिब हासी देवी के सम्मान में विशेष स्मारक डाक टिकट भी जारी किया जाएगा।
35 ग्राम का होगा सिक्का, 50 प्रतिशत चांदी का इस्तेमाल
सिक्के का कुल वजन 35 ग्राम होगा। इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता का मिश्रण इस्तेमाल किया जाएगा। सिक्के का निर्माण भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में किया जा रहा है।केंद्र सरकार ने इस स्मारक सिक्के को जारी करने के संबंध में राजपत्र में अधिसूचना भी प्रकाशित की है। सिक्के पर माता साहिब हासी देवी की तस्वीर के साथ उनकी 200वीं जयंती से संबंधित विवरण अंकित रहेगा।
विमोचन के बाद बुकिंग की मिलेगी सुविधा
शदाणी दरबार के सचिव उदय सांई के मुताबिक, सिक्के के विमोचन के बाद श्रद्धालुओं और सिक्का संग्रह करने वालों को इसे बुक कराने की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके लिए शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के साथ कोलकाता टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग की सुविधा दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
सिंधी समाज के लिए खास अवसर
माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी होने वाला यह स्मारक सिक्का सिंधी समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की पहल है। रायपुर स्थित शदाणी दरबार लंबे समय से धार्मिक आयोजनों और सामाजिक सेवा गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है।




