“एक्के नम्बर, सब्बो बर” : नेक्स्ट जेन CG Dial-112 से अब पूरे प्रदेश को मिलेगी त्वरित आपात सहायता

रायपुर से शुरू हुई हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था, अमित शाह ने ‘नेक्स्ट जेन CG Dial-112’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन को दिखाई हरी झंडी
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah ने सोमवार को रायपुर स्थित माना पुलिस परेड ग्राउंड में छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन CG Dial-112 सेवा’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai, विधानसभा अध्यक्ष Raman Singh, उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री Vijay Sharma सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री ने 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह सेवा पुलिस, मेडिकल इमरजेंसी, अग्निशमन, सड़क दुर्घटना और आपदा जैसी हर स्थिति में एकीकृत त्वरित सहायता उपलब्ध कराएगी।
नई डायल-112 सेवा में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इसके जरिए घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और तेज संचार व्यवस्था सुनिश्चित होगी। सेवा 24×7 संचालित होगी तथा जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, एडवांस व्हीकल ट्रैकिंग, एसआईपी ट्रंक टेक्नोलॉजी और ऑटोमैटिक कॉलर लोकेशन सिस्टम से लैस रहेगी।
प्रदेश के सभी 33 जिला समन्वय केंद्रों को इस नेटवर्क से जोड़ा गया है। नागरिक अब वॉयस कॉल, एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।वहीं ‘Science on Wheels – Towards Faster Justice’ थीम पर आधारित 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन अपराध जांच प्रणाली को नई मजबूती देंगी। लगभग 65 लाख रुपये प्रति यूनिट लागत वाली इन वैन में फिंगरप्रिंट डिटेक्शन सिस्टम, नार्कोटिक्स टेस्ट किट, डिजिटल फॉरेंसिक सपोर्ट, हाई क्वालिटी फोटोग्राफी सिस्टम, बैलिस्टिक जांच किट और गनशॉट रेजिड्यू परीक्षण जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

अब घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संरक्षण और डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन किया जा सकेगा, जिससे जांच की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार होगा। राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से साक्ष्य आधारित न्याय व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आम जनता का कानून व्यवस्था एवं न्याय प्रणाली पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।
कार्यक्रम में सीएम Vishnu Deo Sai ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य संकट की हर घड़ी में नागरिकों तक त्वरित, सुरक्षित और भरोसेमंद सहायता पहुंचाना है। ‘Dial-112’ सेवा अब केवल आपातकालीन प्रतिक्रिया तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सड़क दुर्घटना, मेडिकल इमरजेंसी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा समेत विभिन्न परिस्थितियों में तत्काल मदद उपलब्ध कराएगी।
अब तक प्रदेश के 16 जिलों में संचालित यह सेवा विस्तार के बाद छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों तक पहुंच चुकी है। इसके जरिए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पुलिस, स्वास्थ्य और आपदा सहायता सेवाओं की प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत किया जाएगा।
सरकार का दावा है कि नई तकनीक और अत्याधुनिक वाहनों से लैस ‘नेक्स्ट जेन CG Dial-112’ नागरिक सुरक्षा को और अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी बनाएगी। इसे सुरक्षित, सशक्त और आधुनिक छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।




