जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कांग्रेस पर हमला, बोले- संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने वाली राजनीति का जनता दे रही जवाब

जशपुर/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने की कांग्रेस की राजनीति को देश की जनता भलीभांति समझ रही है। जनता समय-समय पर लोकतांत्रिक तरीके से ऐसी राजनीति का जवाब देती रही है। लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता का विश्वास और उसका जनादेश है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साहवर्धन किया।

55 साल सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने नहीं किया अपेक्षित विकास
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस ने लगभग 55 वर्षों तक केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास नहीं किया। कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, घोटालों और कुशासन ने देश की प्रगति को बाधित किया। कोयला और जमीन से जुड़े घोटालों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली के कारण जनता का उससे विश्वास उठ गया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है। जनता का विश्वास हासिल करने के लिए उसके बीच रहकर काम करना, समस्याओं का समाधान करना और विकास के माध्यम से उसकी आकांक्षाओं को पूरा करना जरूरी है। कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय अपने लंबे शासनकाल और जनता से किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक क्षमता का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इसी लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी, महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों का पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।इसके साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के हितों की रक्षा और ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि 1 नवंबर को राज्य स्तरीय और 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह उत्साह और उल्लास के साथ मनाए गए। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ से अधिक नागरिकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देकर प्रदेश के प्रति अपना विशेष स्नेह व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन और सहयोग छत्तीसगढ़ के विकास को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
कार्यकर्ताओं के साथ किया सामूहिक भोजन, जनसेवा का किया आह्वानमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो लगातार जनता के बीच रहकर सेवा करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक भोजन करने की बात कही और सभी से जनसेवा तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।




