दीपावली के बाद कांग्रेस शुरू करेगी ‘वोट चोरी’ अभियान, डिप्टी CM अरुण साव बोले- 17 नगरीय निकाय चुनावों में अभी से हार मान चुकी है कांग्रेस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनावों से पहले सियासत तेज हो गई है। दीपावली के बाद कांग्रेस द्वारा ‘वोट चोरी’ अभियान शुरू करने की तैयारी पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर बेवजह आरोप लगाने और अपनी राजनीतिक कमजोरियों को छिपाने का आरोप लगाया है।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करना एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया है। इसमें पहले दावा-आपत्ति आमंत्रित की जाती है। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों पर सुनवाई होती है और सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाता है।
कानूनी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर हार के बहाने ढूंढ रही कांग्रेस
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस बेवजह के आरोप लगाती है। अपनी कमजोरी और अपने गिरेबान में झांकने के बजाय वह कानूनी प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है। इससे साफ पता चलता है कि कांग्रेस ने 17 नगरीय निकायों के चुनाव में अभी से अपनी हार मान ली है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने के बजाय पहले से ही हार के बहाने तलाशने में जुट गई है।
उप मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश में मतदाता सूची और कांग्रेस के प्रस्तावित ‘वोट चोरी’ अभियान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।




