शिक्षा मंत्री के बंगले में घुसे डीएड अभ्यर्थी, परिजनों के साथ अंदर ही धरने पर बैठे; 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन गुरुवार को एक बार फिर तेज हो गया। 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलनरत डीएड अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले में पहुंच गए। अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ बंगले के अंदर बैठकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों की मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और सरकार नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करे। बताया जा रहा है कि अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

मंत्री बंगले में मौजूद नहीं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वहीं, एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी भी शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे हैं। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं थे।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभ्यर्थी नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करने की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल शिक्षा मंत्री के बंगले के अंदर अभ्यर्थियों का धरना जारी है।




