छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को लगातार दूसरे साल राष्ट्रीय सम्मान,डिप्टी सीएम साव बोले – सफाई मित्रों और नागरिकों की मेहनत का परिणाम है यह सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। 11 नवंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में तीनों शहरों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित यह समारोह सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी समारोह में भाग लेंगे।
गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन हुआ है। खास बात यह है कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को पिछले वर्ष भी स्वच्छ सर्वेक्षण में सम्मान मिला था। लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना प्रदेश में स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की भागीदारी बनी उपलब्धि का आधार
इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इस थीम के माध्यम से स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान न मानकर सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
प्रदेश के चयनित शहरों में स्वच्छता गतिविधियों के प्रभावी संचालन, कचरा प्रबंधन और नागरिकों की सहभागिता में नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सफाई मित्रों की नियमित मेहनत और नागरिकों के सहयोग से इन शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
अरुण साव बोले- सफाई मित्रों और नागरिकों की मेहनत का परिणाम है यह सम्मान
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रदेश की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस उपलब्धि के वास्तविक हकदार हमारे सफाई मित्र, नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारी और जागरूक नागरिक हैं, जिनकी मेहनत और सहभागिता से यह सफलता मिली है।
श्री साव ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के शहर स्वच्छता के क्षेत्र में देश के लिए आदर्श बनें।




