छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के इस जिले में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई! 3050 किलो खोवा-पनीर और मिठाई नष्ट

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बेरला स्थित उत्सव डेयरी में छापेमारी के दौरान करीब 2 हजार किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो मिठाई खराब हालत में मिले। खाद्य पदार्थों में फफूंद पाए जाने और अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारण किए जाने के चलते विभाग ने 3,050 किलो से अधिक खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

गंदगी के बीच रखा मिला खोवा और पनीर

जानकारी के मुताबिक, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में 15 नवंबर को रायपुर से पहुंची विशेष टीम ने बेरला स्थित उत्सव डेयरी का निरीक्षण किया। इस दौरान डेयरी परिसर में खाद्य पदार्थों का भंडारण बेहद खराब और अस्वच्छ परिस्थितियों में पाया गया। कई पैकेटों में फफूंद भी लगी हुई थी। परिसर का फर्श फिसलन भरा था और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन सामने आया।

दूध फाड़ने के लिए गैर-फूड ग्रेड एसिड का इस्तेमाल

जांच के दौरान टीम को एक और गंभीर अनियमितता मिली। डेयरी में दूध फाड़ने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एसिटिक एसिड फूड ग्रेड का नहीं पाया गया। इसे खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला माना गया है।

खाद्य विभाग ने नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मौके पर रखे करीब 2,000 किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो अलग-अलग मिठाइयों को नष्ट कराया। कार्रवाई में पुलिस और पंचायत पदाधिकारियों का भी सहयोग रहा।

एनालॉग पनीर बनाने का संदेह, नमूने जांच के लिए भेजे

डेयरी में एनालॉग पनीर बनाए जाने के संदेह पर खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

6 साल से संचालित डेयरी पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि उत्सव डेयरी पिछले करीब 6 वर्षों से संचालित है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि इतने लंबे समय से कारोबार कर रही डेयरी में खाद्य पदार्थों के भंडारण और स्वच्छता की स्थिति पर पहले नियमित निगरानी क्यों नहीं हुई।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search