अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक गूंजा छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति का गौरव, NACHA ने भारतीय दूतावासों के साथ मनाया जनजातीय गौरव दिवस

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवशाली विरासत अब सात समंदर पार भी अपनी पहचान बना रही है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में भी उत्साह के साथ मनाया गया। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर इन आयोजनों में अहम भूमिका निभाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इसी कड़ी में इस वर्ष 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत देश और विदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शिकागो में गणेश कर के नेतृत्व में जुटे विभिन्न राज्यों के संगठन
अमेरिका के शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से नेशनल इंडिया हब में जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों के सामुदायिक संगठनों ने भाग लेकर जनजातीय विरासत का उत्सव मनाया।
भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक विरासत में जनजातीय समाज के योगदान को रेखांकित किया। कार्यक्रम के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी NACHA के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर को सौंपी गई थी। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सहित ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के संगठनों ने एक मंच पर भागीदारी की।
इस दौरान NACHA के शिकागो चैप्टर अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान को भी याद किया।
दीपाली सरावगी को मिला सम्मान
शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से प्रदान किए गए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए बधाई दी और समारोह के मंच पर उनका अभिनंदन किया।
दीपाली सरावगी इस सम्मान को प्राप्त करने वाली पहली महिला हैं। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और प्रवासी भारतीय समुदाय को एकजुट करने में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के साहस और बलिदान को याद करते हुए शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

दुनिया भर में छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों की गाथा पहुंचाना NACHA का संकल्प
NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी ने कहा कि अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन जैसे देशों में भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ के प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधियों द्वारा जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल प्राकृतिक संपदा तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर से सरगुजा तक फैली जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विविधता में भी इसकी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि NACHA का उद्देश्य दुनिया भर में बसे छत्तीसगढ़वासियों को एकजुट करना और आने वाली पीढ़ियों को अपने प्रदेश के इतिहास, संस्कृति तथा महान नायकों के योगदान से जोड़ना है।
दीपाली सरावगी ने शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन में आयोजन को सफल बनाने वाले NACHA के पदाधिकारियों, भारतीय राजनयिक मिशनों, सहयोगी संगठनों, कलाकारों और स्वयंसेवकों का आभार जताया।
इस तरह जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवगाथा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।




