चक्रवात से फसल नुकसान पर किसानों को राहत देगी सरकार, CM साय ने सभी कलेक्टरों को दिए सर्वे के निर्देश

रायपुर, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को राहत का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार हर प्रभावित किसान के साथ खड़ी है और फसल क्षति का आकलन कराकर पात्र किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्रतानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, जिन किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है, उन्हें फसल बीमा योजना के नियमों के अनुसार बीमा दावा राशि दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
किसानों को राहत देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि चक्रवात से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि नुकसान झेलने वाले पात्र किसानों को समय पर नियमानुसार सहायता मिल सके।




