Butterfly Voting: छत्तीसगढ़ की पहली राजकीय तितली चुनेगा जनता का वोट, 31 अगस्त तक करें ऑनलाइन मतदान

रायपुर। छत्तीसगढ़ अपनी पहली राजकीय तितली (State Butterfly) चुनने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ा रहा है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता को नई पहचान देने के लिए पहली बार राजकीय तितली घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की है। खास बात यह है कि इस बार अंतिम चयन में आम नागरिकों की भी अहम भूमिका होगी।
वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर विभाग ने ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से जनमत आमंत्रित किया है। प्रदेश का कोई भी नागरिक अपनी पसंदीदा तितली के पक्ष में 31 अगस्त 2026 तक मतदान कर सकता है।
इन तीन तितलियों में से होगा एक का चयन
विशेषज्ञ समिति ने वैज्ञानिक और पारिस्थितिक मानकों के आधार पर तीन प्रजातियों का चयन किया है
- Common Banded Peacock (कॉमन बैंडेड पीकॉक)
- Orange Oakleaf (ऑरेंज ओकलीफ)
- Spot Swordtail (स्पॉट स्वोर्डटेल)
इनका चयन राज्य में उपलब्धता, जैव विविधता में योगदान, संरक्षण की आवश्यकता, विशिष्ट पहचान और आम लोगों के बीच आकर्षण जैसे मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है।
वन मंत्री ने की जनभागीदारी की अपील
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। यदि राजकीय तितली का चयन जनता की भागीदारी से होगा तो लोगों में प्रकृति, पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता और जुड़ाव भी बढ़ेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, प्रकृति प्रेमियों, शिक्षकों और पर्यावरण से जुड़े संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।कैसे करें मतदान?
राजकीय तितली के चयन के लिए वन विभाग ने ऑनलाइन Google Form जारी किया है। इच्छुक नागरिक 31 अगस्त 2026 तक अपनी पसंद की तितली के पक्ष में वोट कर सकते हैं। प्राप्त जनमत और विशेषज्ञ समिति की अनुशंसाओं के आधार पर अंतिम प्रस्ताव तैयार कर राज्य की पहली राजकीय तितली घोषित की जाएगी।
मतदान की अंतिम तिथि: 31 अगस्त 2026
मतदान लिंक: https://forms.gle/7Mqa1kBLx4dnFA6b7




