छत्तीसगढ़राजनीति

CG BJP Core Group Meeting: 2028 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन, सत्ता-संगठन समन्वय पर जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी की कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में संगठन को दिए गए पूर्व दायित्वों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति तैयार की गई। साथ ही 2028 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की कार्ययोजना, जनसंपर्क अभियान और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर मंथन हुआ। प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात और पार्टी संगठन में कसावट लाने के उपायों पर भी वरिष्ठ नेताओं ने विचार-विमर्श किया।

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हर माह आयोजित की जाती है। इस बार राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश की मौजूदगी में पिछले कार्यक्रमों और जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई तथा आने वाले कार्यक्रमों की रणनीति तय की गई। उन्होंने बताया कि कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।उन्होंने कहा कि अगले चरण में मोर्चा-प्रकोष्ठ, जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से भी कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और संगठन को मजबूत करने का अभियान चलाया जाएगा।

दिल्ली में राहुल और विपक्ष के प्रदर्शन पर तीखा हमला

राहुल गांधी और विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं और वह देश में भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर भी भरोसा नहीं करती और संसद की कार्यवाही बाधित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और पार्टी अपने मंसूबों में सफल नहीं होगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search