CG NEWS: नगरीय निकायों को 104.54 करोड़ रुपये जारी, महापौर, अध्यक्ष और पार्षद निधि से होंगे विकास कार्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के शहरी विकास कार्यों को गति देने के लिए नगरीय निकायों को बड़ी सौगात दी है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के लिए महापौर निधि, अध्यक्ष निधि और पार्षद निधि के रूप में 104 करोड़ 54 लाख 25 हजार रुपये जारी किए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद यह राशि जारी की गई।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि इन निधियों का पारदर्शी और प्रभावी उपयोग करते हुए शहरी आबादी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि इस राशि से मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगमों में महापौर निधि तथा नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में अध्यक्ष निधि की 50 प्रतिशत प्रथम किस्त के रूप में 31 करोड़ 16 लाख 25 हजार रुपये जारी किए गए हैं। वहीं तीनों प्रकार के नगरीय निकायों के लिए पार्षद निधि की पहली किस्त के रूप में 73 करोड़ 38 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
विभाग द्वारा 14 नगर निगमों को महापौर निधि के तहत 10 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये, 57 नगर पालिकाओं को अध्यक्ष निधि के रूप में 11 करोड़ 6 लाख 25 हजार रुपये तथा 121 नगर पंचायतों को 9 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये जारी किए गए हैं।इसी तरह पार्षद निधि की प्रथम किस्त के रूप में नगर निगमों को 21 करोड़ 84 लाख रुपये, नगर पालिकाओं को 24 करोड़ 34 लाख 50 हजार रुपये तथा नगर पंचायतों को 27 करोड़ 19 लाख 50 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।
सरकार का कहना है कि इस राशि का उपयोग सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी विकास कार्यों में किया जाएगा।




