छत्तीसगढ़

स्वामी विवेकानंद ने विश्व पटल पर भारत की संस्कृति और सनातन का मान बढ़ाया: CM साय

राष्ट्रीय युवा उत्सव के लिए चयनित युवाओं को दी शुभकामनाएँ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अल्पायु में ही संपूर्ण विश्व को भारत की सनातन संस्कृति, अध्यात्म और दर्शन से परिचित कराकर देश का मान बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने मंगलवार शाम मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित सेंड ऑफ सेरेमनी कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस 12 जनवरी को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है और इसी अवसर पर राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन होता है। यह उत्सव भारत की युवा ऊर्जा, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण की भावना का सशक्त प्रतीक है।

रायपुर से स्वामी विवेकानंद का विशेष संबंध: मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए गौरव का विषय है कि स्वामी विवेकानंद ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय रायपुर में बिताया। बूढ़ा तालाब और डे-भवन जैसे पावन स्थलों की स्मृतियाँ आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का दमदार प्रतिनिधित्व

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय युवा उत्सव में छत्तीसगढ़ से 75 प्रतिभाशाली युवाओं का चयन किया गया है। 45 युवा – विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग से1 युवा – डिज़ाइन फॉर भारत ट्रैक से 29 प्रतिभागी – सांस्कृतिक ट्रैक्स से उन्होंने कहा कि यह चयन छत्तीसगढ़ के युवाओं की नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और विकसित भारत के संकल्प में भागीदारी को दर्शाता है। राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, लोकनृत्य, लोकगीत और युवा नेतृत्व की प्रस्तुति से राज्य की पहचान पूरे देश में और मजबूत होगी।

दिल्ली में संवाद, इसरो और प्रधानमंत्री से मुलाकात

उल्लेखनीय है कि चयनित युवा 9 जनवरी को नई दिल्ली पहुँचकर देशभर से आए युवाओं और यंग लीडर्स से संवाद करेंगे। 11 जनवरी को वे इसरो के गगनयात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से मुलाकात कर उनके अंतरिक्ष अनुभवों से प्रेरणा लेंगे। वहीं 12 जनवरी, राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नरेंद्र मोदी देश के युवाओं को संबोधित करेंगे।

“उठो, जागो…”विवेकानंद का संदेश आज भी प्रासंगिक: मुख्यमंत्री साय ने कहा, “युवा शक्ति ही राष्ट्र की पहचान है और युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है।” उन्होंने स्वामी विवेकानंद के अमर संदेश—“उठो, जागो और तब तक नहीं रुको, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए”—को अपनाने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव का संदेश: इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जहाँ युवा होते हैं, वहाँ ऊर्जा का स्वाभाविक संचार होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि यंग लीडर्स हर क्षेत्र में नेतृत्व करें। उन्होंने विकासखंड से लेकर प्रदेश स्तर तक युवा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभागीय अधिकारियों की सराहना की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चयनित प्रतिभागियों को वेशभूषा किट प्रदान की। कुछ युवाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और प्रतिभागी उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button