छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : सामाजिक समरसता का विश्व रिकॉर्ड, CM साय के सान्निध्य में 6,412 जोड़ों का सामूहिक विवाह

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना छत्तीसगढ़ में सामाजिक समरसता, अंत्योदय और संवेदनशील शासन की भावना को साकार करने वाली एक ऐतिहासिक पहल है। यह योजना उन गरीब परिवारों के लिए संबल बनी है, जिनके लिए कभी बेटी का विवाह एक बड़ी चिंता हुआ करता था। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री साय की गरिमामयी उपस्थिति में रायपुर सहित पूरे प्रदेश में कुल 6,412 जोड़े विभिन्न धार्मिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार वैवाहिक जीवन में बंधे। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में 1,316 नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री ने प्रत्यक्ष रूप से आशीर्वाद प्रदान किया, जबकि शेष जिलों के जोड़े वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि इस भव्य आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन मात्र विवाह समारोह नहीं, बल्कि सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता का उत्सव है। इस अवसर पर हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध तथा विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के जोड़ों ने अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार विवाह किया, जो छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक सौहार्द को दर्शाता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का औपचारिक शुभारंभ भी किया। उन्होंने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सरगुजा एवं बस्तर संभाग के आठ जिलों में अभियान की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए शासन के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है और सफलता के बाद इस अभियान को पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेशवासियों के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने दो वर्षों में ही मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में मानक बोरा मूल्य में वृद्धि, चरण पादुका योजना का पुनः प्रारंभ, श्रीरामलला दर्शन योजना और भूमिहीन मजदूरों को आर्थिक सहायता जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में हुई थी, जिसे वर्तमान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आगे बढ़ा रहे हैं। कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए मुख्यमंत्री की संवेदनशील और सर्वसमावेशी सोच की सराहना की।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button