NSUI PROTEST: “सीएम हाउस घेराव” में उमड़ा छात्र शक्ति का जनसैलाब, देर शाम तक चला प्रदर्शन

NSUI के आंदोलन में छात्रसंघ चुनाव बहाली सहित कई मांगें हुईं बुलंद
रायपुर। NSUI द्वारा आयोजित “छात्र शक्ति – जन परिवर्तन” कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री निवास घेराव आंदोलन के दौरान राजधानी रायपुर में देर शाम तक प्रदर्शन, नारेबाजी और पुलिस-कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक का माहौल बना रहा। मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शन तेज हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के दौरान छात्र कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। आंदोलन में प्रदेशभर से पहुंचे हजारों छात्र-युवा शामिल हुए।
इसके पहले विनोद जाखड़ के प्रथम रायपुर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। दोपहर में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने पर NSUI कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में उनका स्वागत किया।इसके बाद महिला थाना चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय से मुख्यमंत्री निवास घेराव के लिए विशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।
आंदोलन के दौरान छात्रसंघ चुनाव बहाली, शिक्षकों एवं शासकीय पदों पर भर्ती, विश्वविद्यालयों में राजनीतिक हस्तक्षेप पर रोक, नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई तथा कानून व्यवस्था मजबूत करने जैसी मांगें प्रमुखता से उठाई गईं।
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने सरकार से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि छात्र आज शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और छात्र अधिकारों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव को लोकतंत्र की पहली पाठशाला बताते हुए कहा कि इसे बंद कर युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास किया गया है। NSUI छात्र हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ती रहेगी।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल छात्रसंघ चुनाव की बहाली तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान की लड़ाई है। आने वाले समय में छात्र हितों को लेकर आंदोलन और तेज किया जाएगा।




