
रायपुर। रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजधानी में पंजाब नंबर प्लेट वाले एक ट्रक से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान बॉर्डर के नजदीकी इलाके से ड्रग्स की खेप रायपुर लाई जा रही थी। आमानाका थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक की जांच की, जिसमें से 4 किलो 432 ग्राम डोडा और 79 ग्राम अफीम बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की सप्लाई राजधानी में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
आमानाका थाना पुलिस की इस कार्रवाई को राजधानी में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




