
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कोर ग्रुप का पुनर्गठन किया गया है। भाजपा की आज हुई कोर ग्रुप बैठक में कई नए चेहरों को शामिल किया गया।जानकारी के मुताबिक डिप्टी सीएम विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल को कोर ग्रुप में शामिल किया गया है।
वहीं आज की बैठक में पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, रामविचार नेताम, विक्रम उसेंडी, रेणुका सिंह, बृजमोहन अग्रवाल और गौरीशंकर अग्रवाल शामिल नहीं हुए। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में इन्हें कोर ग्रुप से हटाए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।
कोर ग्रुप के पुनर्गठन को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने पुष्टि की है। हालांकि किन नेताओं को हटाया गया है, इस पर फिलहाल पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
भाजपा के इस संगठनात्मक बदलाव को आगामी राजनीतिक रणनीति और चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।



