सुशासन तिहार में भाजपा नेता से अभद्रता पड़ी भारी, जनपद सीईओ रूपेश पांडे निलंबित

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ के समाधान शिविर के दौरान भाजपा मंडल महामंत्री से कथित अभद्र व्यवहार करने के मामले में जनपद पंचायत सीईओ रूपेश पांडे को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की आम जनता के प्रति सम्मानजनक व्यवहार और जवाबदेही की नीति के तहत की गई है।
शिविर में हुआ विवाद, वीडियो हुआ वायरल: जानकारी के अनुसार, धनोद गांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर (सुशासन तिहार) के दौरान भाजपा मंडल महामंत्री पूरण साहू ने स्कूल की जमीन पर प्रस्तावित सामुदायिक भवन निर्माण की राशि और योजना संबंधी जानकारी मांगी थी। इसी दौरान जनपद पंचायत सीईओ रूपेश पांडे और भाजपा नेता के बीच तीखी बहस हो गई।
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान सीईओ ने भाजपा नेता की ओर उंगली दिखाकर बात की, जिसे अभद्र व्यवहार माना गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आम नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। सरकार की इसी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मामले की जांच के बाद जनपद सीईओ रूपेश पांडे के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक हलकों में चर्चाघटना के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में मामले को लेकर चर्चा तेज है। इसे सुशासन तिहार के दौरान जनता के प्रति जवाबदेही और शासकीय अधिकारियों के व्यवहार से जोड़कर देखा जा रहा है।



