हैदराबाद में छत्तीसगढ़ का निवेश धमाका, 9,580 करोड़ के प्रस्ताव; 7,800 रोजगार की राह खुली

हैदराबाद/रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के निवेश आकर्षण अभियान को हैदराबाद में बड़ी सफलता मिली है। ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की सात प्रमुख कंपनियों ने राज्य में 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इन परियोजनाओं से 7,800 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने उद्योगपतियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य तेजी से विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बन रहा है और निवेशकों के लिए यहां ‘रेड कारपेट’ बिछा हुआ है। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद राज्य को देश-विदेश से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड की ओर से आया है, जिसने राज्य में भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए 4,200 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। वहीं सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़ रुपये, एआई और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये, सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण में 700 करोड़ रुपये तथा टेक्सटाइल क्षेत्र में 528 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का उभरता हुआ लॉजिस्टिक और औद्योगिक हब है। आईटी, डेटा सेंटर, फार्मा, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। कार्यक्रम के दौरान कई बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने राज्य की औद्योगिक नीतियों और सुविधाओं में विशेष रुचि दिखाई।




