ईस्टर्न स्लैम छत्तीसगढ़ 2026 का भव्य समापन, देशभर के उभरते स्क्वैश खिलाड़ियों ने दिखाया दम

रायपुर में हुए राष्ट्रीय टूर्नामेंट में विभिन्न आयु वर्गों के चैंपियन बने खिलाड़ी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया सम्मानित
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के तत्वावधान में बुढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में आयोजित ईस्टर्न स्लैम छत्तीसगढ़ 2026 का शनिवार को सफल समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में देशभर से आए खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया ने की। इस अवसर पर उज्ज्वल दीपक, कैलाश मोररका, विजय अग्रवाल, डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव तथा डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल सहित कई खेल पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अवसर देती हैं और छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में विक्रम सिसोदिया ने सफल आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
फाइनल मुकाबलों के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे—अंडर-11 बालिका वर्ग : समीक्षा सुगुमार (कर्नाटक) विजेता
अंडर-11 बालक वर्ग : रुद्रांश प्रभाकर (दिल्ली) विजेता
अंडर-13 बालिका वर्ग : आलिया कंकारिया (पश्चिम बंगाल) विजेता
अंडर-13 बालक वर्ग : धैर्य गोगिया (राजस्थान) विजेता
अंडर-15 बालिका वर्ग : अनिका कलंकी (मध्य प्रदेश) विजेता
अंडर-15 बालक वर्ग : ध्रुव बोपाना (तमिलनाडु) विजेता
अंडर-17 बालिका वर्ग : आद्या बुधिया (जम्मू-कश्मीर) विजेता
अंडर-17 बालक वर्ग : श्रेयांश झा (महाराष्ट्र) विजेता
अंडर-19 बालिका वर्ग : उन्नति त्रिपाठी (उत्तर प्रदेश) विजेता
अंडर-19 बालक वर्ग : युशा नफीस (उत्तर प्रदेश) विजेता
महिला वर्ग : निरुपमा दुबे (महाराष्ट्र) विजेता
पुरुष वर्ग : सूरज चंद (एसएससीबी) विजेता
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस आयोजन ने युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया। समापन अवसर पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, अभिभावकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे बड़े आयोजनों के सफल आयोजन का विश्वास जताया गया।



