
रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आदिवासी अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लगातार आंदोलन कर रहे हैं। आने वाले समय में राहुल गांधी की मौजूदगी में प्रदेश में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी शुरुआत बस्तर से होगी।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने राज्य सरकार पर आदिवासियों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ के आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों को निजी उद्योगपतियों के हाथों में सौंपने का काम कर रही है। इसके विरोध में बस्तर से लेकर सरगुजा तक लगातार आंदोलन चल रहे हैं।
दीपक बैज ने कहा कि आदिवासी समाज अपने अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है। कांग्रेस इन आंदोलनों को मजबूती देने का काम करेगी।
राहुल गांधी की मौजूदगी में होगा बड़ा कार्यक्रम
दीपक बैज ने कहा कि इस पूरे मुद्दे को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी चिंतित हैं। आने वाले समय में राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ में एक बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है।उन्होंने कहा, “उस कार्यक्रम की शुरुआत हम बस्तर से करेंगे। इसे लेकर अभी तैयारियां चल रही हैं।”
बस्तर से सरगुजा तक आंदोलन की तैयारी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान के बाद माना जा रहा है कि पार्टी आने वाले दिनों में आदिवासी मुद्दों को लेकर प्रदेश में बड़ा राजनीतिक अभियान शुरू कर सकती है। बस्तर के साथ-साथ सरगुजा और अन्य आदिवासी क्षेत्रों में भी जल, जंगल और जमीन के मुद्दे को लेकर कांग्रेस आंदोलन को धार देने की तैयारी में है।हालांकि, राहुल गांधी के कार्यक्रम की तारीख, स्थान और विस्तृत कार्यक्रम को लेकर अभी कांग्रेस की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।




