NMDC की बड़ी तैयारी: अक्टूबर-दिसंबर तिमाही से शुरू होगा कोयले का व्यावसायिक उत्पादन

FY27 में 10 लाख टन थर्मल कोयला बेचने का लक्ष्य, 2030 तक गैर-लौह खनिजों से 20% राजस्व हासिल करने की योजना
नई दिल्ली। सरकारी खनन कंपनी NMDC चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही यानी अक्टूबर-दिसंबर के दौरान थर्मल कोयले का व्यावसायिक उत्पादन शुरू करने की तैयारी में है। कंपनी की योजना FY27 में करीब 10 लाख टन थर्मल कोयला बेचने की है। NMDC के चेयरमैन अमिताभ मुखर्जी ने PTI को दिए इंटरव्यू में यह जानकारी दी।
मुखर्जी ने बताया कि झारखंड स्थित टोकीसुद नॉर्थ कोयला खदान में कंपनी कोयले की सीम तक पहुंच चुकी है और अगले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही तक उत्पादन शुरू करने की तैयारी है। इस खदान में करीब 52 मिलियन टन (5.2 करोड़ टन) कोयला भंडार है और इसकी वार्षिक पीक रेटेड क्षमता 2.3 मिलियन टन है।
FY28 से कोकिंग कोयले का उत्पादन
NMDC FY27 के दौरान झारखंड में रोहने कोकिंग कोल ब्लॉक का विकास भी शुरू करेगी। कंपनी की योजना FY28 में यहां से कोकिंग कोयले का उत्पादन शुरू करने की है। रोहने ब्लॉक में करीब 191 मिलियन टन भंडार है और इसकी पीक रेटेड क्षमता 8 मिलियन टन सालाना है।
अमिताभ मुखर्जी ने कहा कि इस वर्ष NMDC के पास लौह अयस्क के अलावा थर्मल कोयला भी बिक्री के लिए उपलब्ध होगा और अगले वित्त वर्ष से कोकिंग कोयला भी पोर्टफोलियो में शामिल हो सकता है।
2030 तक खनिज कारोबार में विविधता का लक्ष्य
NMDC वर्तमान में लगभग पूरी तरह लौह अयस्क कारोबार पर निर्भर है। कंपनी देश की लौह अयस्क जरूरत का करीब 20 प्रतिशत पूरा करती है। कंपनी ने अपने खनन कारोबार में विविधता लाने के लिए 2030 तक का रोडमैप तैयार किया है।कंपनी का लक्ष्य 2030 तक लौह अयस्क के अलावा अन्य खनिजों की बिक्री से कम से कम 20 प्रतिशत राजस्व हासिल करना है। इसके लिए NMDC भारत और विदेशों में विभिन्न खनिजों से जुड़े नए अवसर तलाशती रहेगी।
FY26 में रिकॉर्ड 53 MT लौह अयस्क उत्पादन
NMDC ने FY26 में रिकॉर्ड 53 मिलियन टन लौह अयस्क का उत्पादन किया, जबकि FY25 में उत्पादन 44 मिलियन टन रहा था। इस तरह उत्पादन में सालाना आधार पर करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2030 तक 100 मिलियन टन लौह अयस्क उत्पादन तक पहुंचना है।
NMDC छत्तीसगढ़ के बैलाडीला क्षेत्र और कर्नाटक के डोनिमलाई क्षेत्र में चार प्रमुख अत्याधुनिक एवं मशीनीकृत लौह अयस्क खनन परिसरों का संचालन करती है। वित्त वर्ष 2026 में NMDC का कुल राजस्व भी 33 प्रतिशत बढ़कर 31,554 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो FY25 में 23,668 करोड़ रुपये था।




