
रायपुर। वंदे मातरम् गीत को लेकर जारी सियासी बहस के बीच छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने देश को बांटने का काम किया, उन्होंने ही वंदे मातरम् गीत को बांटने का पाप किया।ओपी चौधरी ने सवाल उठाया कि भारत माता की स्तुति करने और मां दुर्गा का नाम लेकर वंदे मातरम् गाने में कांग्रेस को आखिर क्या दिक्कत है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भारत की एकता और अखंडता की संस्कृति को तुष्टिकरण के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। कांग्रेस की नीति हमेशा वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की रही है, जबकि भाजपा की स्पष्ट नीति है -“तुष्टिकरण किसी के साथ नहीं, न्याय सभी के साथ।”
वित्त मंत्री ने कहा कि भारत राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए भाजपा खुले रूप से अपने विचार और घोषणापत्र के साथ खड़ी है। उन्होंने कांग्रेस के लंबे शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस को करीब 50 वर्षों तक देश चलाने का अवसर मिला, लेकिन उसने देश को डुबाने का काम किया और बर्बादी का मंजर खड़ा किया।
ओपी चौधरी ने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए कांग्रेस ने हर तरह की राजनीति की और सत्ता लोलुपता को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड अच्छी तरह देख चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के इसी ट्रैक रिकॉर्ड को जनता के सामने रखने का प्रयास किया है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि “कांग्रेस एक डूबती हुई नाव है।”




