
श्रीलंका दौरे के बाद लगातार दूसरी बार भारतीय-A टीम में जगह, 22 सितंबर से ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ सीरीज
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा क्रिकेटर आयुष पांडे ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। शानदार प्रदर्शन के दम पर उनका भारतीय-A टीम में लगातार दूसरी बार चयन हुआ है। इससे पहले जून 2026 में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई चार दिवसीय सीरीज के लिए भी आयुष को इंडिया-A टीम में शामिल किया गया था।
अब आयुष पांडे को ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ होने वाली चार दिवसीय घरेलू सीरीज के लिए भारतीय-A टीम में जगह मिली है। यह सीरीज 22 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक और दूसरा मुकाबला 29 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक पुडुचेरी में खेला जाएगा।
रणजी ट्रॉफी में बल्ले से मचाया धमाल
आयुष पांडे ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 7 मैचों की 13 पारियों में 573 रन बनाए। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 57.30 रहा। उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले। उनकी सबसे यादगार पारियों में मुंबई के खिलाफ खेली गई 183 रन की शानदार पारी भी शामिल रही।
रणजी ट्रॉफी के प्रदर्शन के आधार पर ही आयुष का चयन दिलीप ट्रॉफी के लिए भी किया गया था। वहां उन्होंने 2 मैचों की 3 पारियों में 102 रन, 53.92 की औसत से बनाए।
श्रीलंका के बाद अब ऑस्ट्रेलिया की चुनौती:आयुष के लिए यह लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि है। जून 2026 में श्रीलंका-A के खिलाफ चार दिवसीय सीरीज में इंडिया-A टीम का हिस्सा बनने के बाद अब उन्हें ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए फिर चुना गया है।
टीम में देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), साई सुदर्शन (उपकप्तान), अमन मोखड़े, आयुष पांडे, यश राठौड़, शेख राशीद समेत 16 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि
छत्तीसगढ़ क्रिकेट से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी जगह बनाना आयुष पांडे के लिए बड़ी उपलब्धि है। रणजी ट्रॉफी में उनके दमदार प्रदर्शन के बाद इंडिया-A में जगह बनाना और फिर लगातार दूसरी सीरीज के लिए टीम में चुना जाना उनके शानदार फॉर्म और प्रतिभा को दर्शाता है।अब छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें 22 सितंबर से पुडुचेरी में शुरू होने वाली इंडिया-A बनाम ऑस्ट्रेलिया-A सीरीज पर रहेंगी। उम्मीद है कि आयुष पांडे एक बार फिर अपने बल्ले से दमदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।



