स्कूल शिक्षा में AI के उपयोग पर रायपुर में 17 सितंबर को नेशनल वर्कशॉप… गूगल इंडिया के हेड आएंगे…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की स्कूली शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार बड़े स्तर पर कार्यशालाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में 17 सितंबर को रायपुर में राष्ट्रीय स्तर की वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। इसमें गूगल इंडिया के हेड सहित AI के क्षेत्र में काम कर रहे विशेषज्ञ शामिल होंगे।
स्कूल शिक्षा सचिव आईएएस डॉ. कमलप्रीत सिंह ने बताया कि वर्कशॉप में AI विशेषज्ञों के साथ ऐसे शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है, जो AI आधारित तकनीकों पर काम कर रहे हैं। कार्यशाला का उद्देश्य स्कूली शिक्षा में AI के व्यावहारिक उपयोग और इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शिक्षकों एवं अधिकारियों को नई तकनीकों से परिचित कराना है।
2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI ट्रेनिंग
छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूली शिक्षा में AI के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए गूगल इंडिया के साथ मिलकर ‘सक्षम शिक्षक अभियान’ शुरू किया है। इसके तहत राज्य के 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI सर्टिफिकेशन और डिजिटल ट्रेनिंग देने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसकी शुरुआत रायपुर जिले से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई है।
इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों के उपयोग में सक्षम बनाना है, ताकि वे कक्षा में AI आधारित संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल कर सकें।बच्चों की क्षमता के अनुसार होगी पढ़ाईराज्य के सरकारी स्कूलों में भी पायलट प्रोजेक्ट के तहत AI टूल्स का उपयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की व्यक्तिगत क्षमता और सीखने की जरूरतों के अनुसार Personalized Learning को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है।
यानी एक ही तरीके से सभी बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनकी सीखने की गति और क्षमता के आधार पर शैक्षणिक सामग्री और पद्धति को बेहतर ढंग से तैयार किया जा सकेगा।
IIT भिलाई के सहयोग से तैयार होगा सॉफ्टवेयर और ऐप
छत्तीसगढ़ सरकार IIT भिलाई के सहयोग से विशेष सॉफ्टवेयर और मोबाइल ऐप विकसित कर रही है। इसके जरिए AI आधारित शैक्षणिक मूल्यांकन (Academic Assessment) के साथ-साथ स्कूलों में स्वच्छता व्यवस्था और मिड-डे मील की निगरानी में भी तकनीक का उपयोग किया जाएगा।इससे स्कूलों की व्यवस्थाओं की निगरानी को अधिक प्रभावी और डेटा आधारित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
355 शिक्षकों ने AI वर्कशॉप में लिया था हिस्सा
हाल ही में रायपुर के एक बड़े स्कूल में CBSE क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और AI पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसमें प्रदेश के करीब 355 शिक्षकों और शिक्षाविदों ने हिस्सा लिया था। अब 17 सितंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर की वर्कशॉप को छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में AI के उपयोग को विस्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




