बीजापुर एकलव्य विद्यालय में छात्राओं से दुर्व्यवहार की शिकायत पर CM साय सख्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप और पुलिस अधीक्षक को मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या असुरक्षित वातावरण से जुड़ी शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं और निर्धारित प्रोटोकॉल की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायत दबाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
सीएम साय ने कहा कि यदि किसी स्तर पर शिकायत की अनदेखी, उसे दबाने या छिपाने का प्रयास अथवा कार्रवाई में लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें वे बिना किसी भय या संकोच के अपनी शिकायत और समस्याएं सामने रख सकें। जरूरत पड़ने पर पीड़ित छात्राओं को काउंसलिंग और अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आवासीय विद्यालय और छात्रावास बच्चों के लिए उनके घर की तरह हैं। माता-पिता अपने बच्चों को विश्वास के साथ इन संस्थानों में भेजते हैं। इस विश्वास की रक्षा करना शासन-प्रशासन और संस्थान से जुड़े प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को केवल शिकायत के बाद कार्रवाई तक सीमित न रहने की हिदायत देते हुए नियमित निरीक्षण, सतत संवाद और प्रभावी निगरानी के जरिए संभावित समस्याओं को पहले ही पहचानकर रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश की बेटियां निर्भय होकर पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें – इसके लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


