नया रायपुर में देर रात हंगामे की शिकायतों के बाद प्रशासन सख्त, विदेशी छात्रों की सुरक्षा पर VC की बैठक

रायपुर। नया रायपुर में देर रात आवारगी, हंगामा और मारपीट की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर अहम बैठक ली। कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर और एसपी ग्रामीण ने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा हुई। प्रशासन ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को विदेशी विद्यार्थियों के लिए परिसर में ही सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विदेशी विद्यार्थियों की जानकारी प्रशासन से साझा करने के निर्देश
प्रशासन ने विश्वविद्यालयों और कॉलेज प्रबंधन से विदेशी विद्यार्थियों की संपूर्ण जानकारी प्रशासन के साथ साझा करने को कहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
अपराधों की रोकथाम पर विशेष जोर
बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। नया रायपुर में देर रात हंगामा, आवारगी और मारपीट की शिकायतों को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।




