छत्तीसगढ़ BJP की नई प्रभारी बनीं स्मृति ईरानी, सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी

गोमती साय गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी नियुक्त, सौरभ सिंह झारखंड के सह प्रभारी बनें
दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी नियुक्त किया है। नई नियुक्तियों की घोषणा 23 सितंबर 2026 को की गई।
स्मृति ईरानी वर्तमान में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री हैं, जबकि सिद्धार्थ शंभू को अगस्त में घोषित भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया था।
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद होनी थी नई नियुक्तियाँ
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी इससे पहले नितिन नबीन संभाल रहे थे। नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी का पद रिक्त था। अब पार्टी ने स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू को यह जिम्मेदारी सौंपकर संगठनात्मक नियुक्ति पूरी कर दी है।
संगठन में समन्वय की जिम्मेदारी
नई नियुक्ति के बाद स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन से जुड़े कामकाज, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और केंद्रीय नेतृत्व तथा प्रदेश संगठन के बीच तालमेल से जुड़े दायित्व संभालेंगे। नियुक्ति की रिपोर्टों के अनुसार भाजपा ने देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नई जिम्मेदारियां तय की हैं।
गोमती साय गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी नियुक्त
छत्तीसगढ़ की पत्थलगांव विधायक गोमती साय को गुजरात भाजपा का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से 23 सितंबर 2026 को जारी नई सूची में गुजरात के प्रभारी के रूप में तरुण चुग और सह-प्रभारी के रूप में अजय महावर एवं गोमती साय को जिम्मेदारी दी गई है।
गोमती साय छत्तीसगढ़ की पत्थलगांव विधानसभा सीट से विधायक हैं। इससे पहले वे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुकी हैं।
सौरभ सिंह झारखंड के सह प्रभारी बनें
सौरभ सिंह जांजगीर-चांपा जिले की अकलतरा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत बहुजन समाज पार्टी (BSP) से की थी। वर्ष 2008 में वे पहली बार विधायक चुने गए। इसके बाद वर्ष 2018 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर दूसरी बार विधानसभा पहुंचे। हालांकि, 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब भाजपा ने उन्हें झारखंड का सह-प्रभारी नियुक्त किया है।



