बस्तर में बारिश प्रभावित परिवारों की मदद को आगे आया NMDC, सैकड़ों तिरपाल शीट्स बांटीं

सांसद महेश कश्यप ने बड़े चकवा में ग्रामीणों को वितरित की राहत सामग्री, बाढ़ के दौरान चार मोटर बोट उपलब्ध कराने के लिए NMDC का जताया आभार
जगदलपुर। बस्तर में बाढ़ और लगातार बारिश से प्रभावित ग्रामीण परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए एनएमडीसी लिमिटेड आगे आया है। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई बारिश ने पहले से बाढ़ की मार झेल रहे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऐसे में एनएमडीसी ने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए कुरुषपाल, कोहकापाल, मालगांव, बाद धनौरा और बड़े चकवा समेत कई ग्राम पंचायतों में सैकड़ों तिरपाल शीट्स का वितरण किया। इनका उद्देश्य बारिश के दौरान ग्रामीणों को अस्थायी राहत और बचाव उपलब्ध कराना है।
गुरुवार को ग्राम पंचायत बड़े चकवा में आयोजित राहत वितरण कार्यक्रम में बस्तर के सांसद महेश कश्यप विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने अपने हाथों से प्रभावित ग्रामीणों को तिरपाल शीट्स वितरित कीं। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, जनपद सदस्य रमेश कश्यप, बड़े चकवा की सरपंच जनक कश्यप, बोदरा के सरपंच कचरु कश्यप, राम धर ठाकुर और महाजन बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इससे पहले बुधवार को बकावंड विकासखंड के ग्राम कुरुषपाल स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में भी राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सीएसआर के तहत बारिश और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तिरपाल शीट्स उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के विकास में एनएमडीसी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कंपनी की सीएसआर गतिविधियों से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने बाढ़ के दौरान एनएमडीसी की ओर से त्वरित पहल करते हुए चार मोटर बोट उपलब्ध कराने का उल्लेख किया और कहा कि इससे प्रभावित ग्रामीणों तक तत्काल राहत पहुंचाने में मदद मिली। इसके लिए उन्होंने कंपनी के सीएमडी अमिताभ मुखर्जी के प्रति आभार व्यक्त किया। सांसद ने कहा कि बस्तर के लोगों के प्रति सीएमडी का विशेष लगाव सराहनीय है।
इस अवसर पर एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के अधिशासी निदेशक प्रमोद कुमार ने कहा कि कंपनी स्थानीय लोगों के हितों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
वहीं, एनएमडीसी के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एस. बाबजी ने बस्तर क्षेत्र में कंपनी की ओर से संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी अपने परिचालन क्षेत्रों और आसपास के समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। प्राकृतिक आपदाओं और आपात परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए कंपनी स्थानीय प्रशासन और समुदायों के साथ समन्वय बनाकर काम करती है। तिरपाल शीट्स का वितरण भी इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोहकापाल की सरपंच अंबाली बघेल और ग्राम पंचायत गुमडेल की सरपंच शर्मिला कश्यप भी उपस्थित रहीं।



