छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर PM मोदी, राष्ट्रपति और अमित शाह ने दी शुभकामनाएं, नक्सलवाद से मुक्ति और विकास का किया जिक्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई प्रमुख नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा, लोक परंपराओं और विकास की संभावनाओं की सराहना की। साथ ही नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ते प्रदेश को लेकर विश्वास जताया।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

PM मोदी बोले- विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रदेश अपनी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा, अनूठी लोक परंपराओं और पुरातात्विक धरोहरों के लिए प्रसिद्ध है। यहां की लोक-संस्कृति और आत्मीयता लोगों को आकर्षित करती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद की जड़ें खत्म करते हुए छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के प्रतिभाशाली और परिश्रमी लोगों की भागीदारी से छत्तीसगढ़ राष्ट्र की समृद्धि में बढ़-चढ़कर योगदान देता रहेगा।

नक्सलवाद से मुक्ति के बाद विकास के नए अध्याय: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और अपार खनिज संपदा से संपन्न छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के दंश से मुक्त होकर विकास के नए अध्याय लिख रहा है। उन्होंने मेहनतकश लोगों, प्रदेश की अपार संभावनाओं और आत्मीय आतिथ्य को इसकी ताकत बताते हुए विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका का उल्लेख किया।

राष्ट्रपति ने भी दी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं

राष्ट्रपति ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध परंपराओं से संपन्न ये राज्य और केंद्रशासित प्रदेश भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। राष्ट्रपति ने सभी प्रदेशों के लोगों की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

अमित शाह ने मां दंतेश्वरी का किया स्मरण

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की। उन्होंने कामना की कि छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुभकामनाओं के लिए सभी नेताओं के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर परिवार के जीवन में सुख, सम्मान और खुशहाली लाना सरकार का ध्येय है। उन्होंने प्रदेशवासियों की सहभागिता से छत्तीसगढ़ को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आए इन शुभकामना संदेशों में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, शांति, विकास और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की आकांक्षा प्रमुखता से सामने आई।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search