बिना बिजली-डीजल के खेतों तक पहुंचेगा पानी, नदी के बहाव से चलेगा पंप; CM साय ने किया अनोखी सिंचाई योजना का निरीक्षण

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक अनूठी पहल की गई है। अब बिना बिजली, डीजल और पेट्रोल के भी खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा सकेगा। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के ग्राम पोंगरो में नदी के जल प्रवाह से संचालित हाइड्रो पावर पंपिंग योजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को घुघरी नदी पर निर्मित इस अभिनव सिंचाई परियोजना का निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
सरगुजा संभाग की अपनी तरह की पहली इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पंप चलाने के लिए किसी बाहरी ऊर्जा की जरूरत नहीं है। नदी के बहते पानी की प्राकृतिक ऊर्जा से टरबाइन पंप संचालित होगा और पानी खेतों तक पहुंचेगा। इससे किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
नदी के बहाव से चलेगा टरबाइन पंप, 17 लीटर प्रति सेकंड पहुंचेगा पानी
पोंगरो एनीकट हाइड्रो पावर पंपिंग योजना में नदी के बहते पानी की ऊर्जा का उपयोग कर टरबाइन पंप चलाया जाता है। इसके लिए पूर्व निर्मित एनीकट से लगभग 100 मीटर डाउनस्ट्रीम में प्लेटफॉर्म तैयार कर टरबाइन पंप स्थापित किया गया है।
यह पंप नदी तल से करीब 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित और 200 मीटर दूर बनी वितरण टंकी तक अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाने में सक्षम है। इसके बाद वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
इस व्यवस्था में बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा की आवश्यकता नहीं होगी। इससे सिंचाई की लागत कम होने के साथ पारंपरिक ईंधन की खपत और कार्बन उत्सर्जन भी कम होगा.

135 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ, 80 एकड़ में होगी सिंचाई
करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से क्षेत्र के लगभग 135 किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से करीब 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।इससे किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम होगी और वे एक से अधिक फसल लेने के लिए प्रोत्साहित होंगे। सिंचाई की सुविधा मिलने से कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के नए अवसर भी तैयार होंगे।
आधुनिक विज्ञान और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग जरूरी : मुख्यमंत्री साय
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेती की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की यह परियोजना इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग से किसानों की समस्याओं का स्थायी और पर्यावरण अनुकूल समाधान किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तकनीक से किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। पर्यावरण अनुकूल सिंचाई का यह मॉडल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी उपयोगी साबित हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए किसानों को वर्षभर खेती के अवसर उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। पोंगरो की यह पहल बताती है कि नवाचार को गांवों और खेतों तक पहुंचाकर कृषि विकास को नई गति दी जा सकती है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई का दायरा विस्तृत करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





