छत्तीसगढ़ में 19 नवंबर से बदलेगा मौसम, 21 नवंबर तक बारिश के आसार; चक्रवाती तूफान अकवान का दिखेगा असर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे संभावित चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 19 से 21 नवंबर के बीच छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
19 नवंबर से शुरू हो सकता है बारिश का दौर
मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 19 नवंबर से बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। 20 नवंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ और 21 नवंबर को उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान
बंगाल की खाड़ी में बने वायुमंडलीय डिप्रेशन के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने का भी अनुमान जताया गया है। संभावित रूप से इसे अकवान नाम दिया जा सकता है। इसके प्रभाव से ओडिशा में भी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
पिछले 24 घंटों में दुर्ग में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। अगले चार दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
किसानों की बढ़ सकती है चिंता
प्रदेश में धान खरीदी का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में बारिश की संभावना से धान खरीदी केंद्रों और खुले में रखे धान की सुरक्षा को लेकर किसानों की चिंता बढ़ सकती है। किसानों और खरीदी केंद्रों को मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।




