50 साल से नरैया तालाब में हो रही छठ पूजा, 85 साल की लखपति बाई ने सुनाई संघर्ष की कहानी; 4 पीढ़ियों के साथ आज भी पहुंचती हैं घाट

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित नरैया तालाब में छठ महापर्व की रौनक देखते ही बनी। शहर के सबसे पुराने छठ घाटों में शामिल नरैया तालाब में पांच दशकों से छठ पूजा की परंपरा निभाई गई। रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन हजारों व्रतियों ने तालाब में खड़े होकर डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। सजे हुए घाट, रोशनी, आकर्षक सजावट और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
50 साल पहले बेहद कठिन थी छठ पूजा, 85 वर्षीय लखपति बाई ने सुनाए पुराने दिन
नरैया तालाब में पहली बार छठ पूजा करने वाली 85 वर्षीय लखपति बाई दुबे ने पांच दशक पुराने दिनों को याद करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि उस समय उनके पति पुलिस की नौकरी में थे और परिवार पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में रहता था। वह अकेले ही बच्चों को लेकर नरैया तालाब पहुंचती थीं।लखपति बाई बताती हैं कि शाम और सुबह घाट तक पहुंचने के दौरान घना अंधेरा रहता था। टॉर्च लेकर तालाब तक जाना पड़ता था। उस समय घाट भी नहीं बने थे। तालाब के किनारे पूजा करने के दौरान पानी से मछलियां बाहर आ जाती थीं और पूजा के सूप को मछलियों से बचाना भी एक चुनौती होती थी।
पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आज तक उन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार जाकर छठ पूजा नहीं की। छत्तीसगढ़ की धरती को ही अपना घर बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की गोद में ही कमाया, इसी की गोद में खाया और यहीं समा जाएंगे। उनके मुताबिक छत्तीसगढ़ से सुंदर और सुकून देने वाली जगह दुनिया में कहीं नहीं है। खास बात यह है कि लखपति बाई आज भी अपनी चार पीढ़ियों को लेकर छठ घाट पहुंचती हैं।
पांच दशकों से निभाई जा रही छठ पूजा की परंपरा
नरैया तालाब छठ महापर्व आयोजन समिति के वीरेंद्र दुबे ने बताया कि इस तालाब में पिछले पांच दशकों से छठ पूजा का आयोजन हो रहा है। उस दौर में जब रायपुर में केवल आमा तालाब और व्यास तालाब में छठ पूजा होती थी, तभी से नरैया तालाब में भी व्रती महिलाएं सूर्य उपासना का यह पर्व मनाती आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा की तैयारियों में रायपुर नगर निगम का लगातार सहयोग मिलता है। घाट की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम और समिति के सदस्य मिलकर प्रयास करते हैं।
हजारों श्रद्धालुओं के लिए किए गए इंतजाम
छठ महापर्व के अवसर पर नरैया तालाब घाट को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वागत द्वार, लाइटिंग, टेंट और भंडारे की व्यवस्था की गई। आयोजन समिति ने साफ-सफाई में सहयोग के लिए नगर निगम प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग का आभार जताया।
उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का हुआ समापन
छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन 16 नवंबर की सुबह नरैया तालाब छठ घाट पर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का विधि-विधान के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूजा-अर्चना के बाद आयोजन समिति की ओर से भंडारे का आयोजन भी किया गया।




