
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग (Income Tax Department) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की है। रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ समेत कई स्थानों पर बड़े कारोबारी समूहों के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। कार्रवाई के दायरे में बर्बरीक ग्रुप समेत कई कारोबारी समूह बताए जा रहे हैं।मिली जानकारी के अनुसार, भोपाल और रायपुर की आयकर विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की है। प्रदेशभर में करीब 50 टीमों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। छापेमारी में 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं। सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवान भी टीमों के साथ मौजूद हैं।
रायपुर में बर्बरीक ग्रुप के ठिकानों पर जांच
राजधानी रायपुर में बर्बरीक ग्रुप के कई ठिकानों पर आयकर विभाग ने दबिश दी है। ग्रुप के संचालक श्रवण अग्रवाल के निवास पर भी अधिकारियों की टीम जांच कर रही है। विभाग की टीमें दस्तावेजों और कारोबारी लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
रायगढ़ इस्पात में भी पहुंची IT की टीम
रायगढ़ जिले में पूंजीपथरा के देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात में भी आयकर विभाग ने छापेमारी की है। कंपनी के संचालक कमल अग्रवाल बताए जा रहे हैं। यहां भी अधिकारियों की जांच जारी है।
बिलासपुर में मित्तल स्टील और स्टीलमार्ट पर कार्रवाई
बिलासपुर में भी आयकर विभाग की टीम ने कई ठिकानों पर दबिश दी है। व्यापार विहार स्थित मित्तल स्टील इस्पात और स्टीलमार्ट के कार्यालय एवं दुकान में जांच की जा रही है। यह दुकान हनुमान हार्डवेयर स्टोर के नाम से संचालित बताई जा रही है।
इसके अलावा विद्या नगर स्थित प्रकाश पुंज निवास पर भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है।
कई जिलों में एक साथ छापेमारी से कारोबारियों में हलचल
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में एक साथ शुरू हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मची हुई है। फिलहाल आयकर विभाग की टीमें सभी ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच में जुटी हैं।
हालांकि, अभी तक विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों और जांच में मिली जानकारी को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।




