
CM विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई बैठक में 156 खिलाड़ियों के चयन को मंजूरी, सरकारी नौकरी का रास्ता साफ
रायपुर। CGBulletin.com द्वारा पहले दी गई खबर पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम रूप दे दिया गया। कुल 156 खिलाड़ियों को पात्र घोषित किया गया है।
बैठक में तय किया गया कि चयनित खिलाड़ियों की सूची अब सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) को भेजी जाएगी। विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि CGBulletin.com ने पहले ही जानकारी दी थी कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सरकारी नौकरी से जुड़ी वर्षों से लंबित प्रक्रिया अंतिम चरण में है और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली बैठक में इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। अब सरकार ने 156 खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी देकर इस खबर की पुष्टि कर दी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों के चयन और नियुक्ति की प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों के अनुभव का उपयोग नई खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने में भी किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि राज्य में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को घोषित किया जा चुका है। वहीं, वर्ष 2018-19 एवं 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।




