छत्तीसगढ़

बैलाडीला टेलिंग्स हादसे की जमीनी पड़ताल, कांग्रेस बोली- ग्रामीण भुगत रहे लापरवाही की सजा

दंतेवाड़ा/जगदलपुर। दंतेवाड़ा के NMDC खनन क्षेत्र में टेलिंग्स का मलबा खिसकने से हुई तबाही के बाद अब खनन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। हादसे के सात दिन बाद कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कांग्रेस ने इस दौरान NMDC प्रबंधन पर कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

उपनेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल के नेतृत्व में पहुंचे जांच दल ने मलबे से प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि टेलिंग्स का विशाल पहाड़ खिसकने से चार प्राकृतिक नाले दब गए हैं। इसके साथ ही लाखों पेड़ों और हजारों जीव-जंतुओं के नुकसान का आरोप भी लगाया गया है।

जांच दल की आवाजाही पर विवाद

घटनास्थल के निरीक्षण से पहले सर्किट हाउस में कांग्रेस नेताओं और NMDC प्रबंधन के बीच तीखी बहस हुई। कांग्रेस जांच दल को केवल सात गाड़ियों से घटनास्थल जाने की अनुमति देने की बात सामने आई, जिस पर नेताओं ने नाराजगी जताई।

कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब जांच का उद्देश्य हादसे की वास्तविक स्थिति और नुकसान का आकलन करना है, तो जांच दल की आवाजाही पर प्रतिबंध क्यों लगाया जा रहा है? विरोध के बाद प्रबंधन ने सभी गाड़ियों को घटनास्थल तक जाने की अनुमति दे दी।

ग्रामीणों और पर्यावरण पर संकट का आरोप

निरीक्षण के बाद विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि यह हादसा केवल लोहागांव तक पहुंचने का रास्ता बंद होने तक सीमित नहीं है, बल्कि आयरन हिल के नीचे बसे कई गांवों के लिए गंभीर संकट है। उनके अनुसार, प्राकृतिक जलस्रोतों, जंगलों और वन्यजीवों को हुए नुकसान का असर लंबे समय तक दिखाई दे सकता है।

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि खनन क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था कितनी मजबूत थी, जिसके बावजूद टेलिंग्स का इतना बड़ा पहाड़ खिसक गया।

जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

कांग्रेस जांच दल ने हादसे के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि टेलिंग्स के भंडारण, रखरखाव और सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस ने प्रभावित क्षेत्र में पर्यावरणीय नुकसान का वैज्ञानिक आकलन कराने और ग्रामीणों पर पड़े प्रभाव की जांच की मांग भी उठाई है। पार्टी का आरोप है कि NMDC प्रबंधन की कथित लापरवाही का खामियाजा स्थानीय ग्रामीणों और प्रकृति को भुगतना पड़ रहा है।

संसद से सड़क तक उठेगा मामला

कांग्रेस ने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद केवल निरीक्षण और आश्वासन पर्याप्त नहीं हैं। प्रभावित लोगों को जवाब और न्याय मिलना चाहिए।

लखेश्वर बघेल ने भाजपा सरकार की खनन नीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों और आदिवासियों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की लड़ाई में कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। जांच में कोताही या लीपापोती हुई तो इस मुद्दे को संसद से सड़क तक उठाया जाएगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search