बलरामपुर को बड़ी सौगात: जल्द खुलेगा रेलवे रिजर्वेशन काउंटर, मंत्री रामविचार नेताम ने रेल मंत्री से की मुलाकात

रायपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के लोगों के लिए राहत की खबर है। जिले में जल्द ही रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू किया जाएगा। आदिम जाति एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने इस मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दिल्ली में मुलाकात की और बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने की मांग रखी।
मंत्री नेताम ने केंद्रीय रेल मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए जिले में जल्द से जल्द रेलवे आरक्षण सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उनकी मांग पर रेल मंत्री ने सहमति जताते हुए जल्द मांग पूरी करने का आश्वासन दिया।
हजारों यात्रियों को मिलेगी राहतबलरामपुर-रामानुजगंज जिले में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर की सुविधा नहीं होने के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों सहित हजारों यात्रियों को ट्रेन टिकट आरक्षित कराने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है।
इससे यात्रियों को अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ता है। साथ ही बुजुर्गों, मरीजों और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लंबे समय से की जा रही थी मांगमंत्री रामविचार नेताम ने अपने पत्र में कहा कि क्षेत्र के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने की मांग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिले की बढ़ती आबादी, यात्रियों की बढ़ती जरूरतों और क्षेत्रीय विकास को देखते हुए अब यह सुविधा उपलब्ध कराना बेहद जरूरी हो गया है।
जनहित में महत्वपूर्ण कदममंत्री नेताम ने केंद्रीय रेल मंत्री से आग्रह किया कि जनहित और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने के बाद जिले के हजारों यात्रियों को टिकट आरक्षण के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर रेलवे की आरक्षण सुविधा मिल सकेगी।




